BazaarBook.com
Traders Deed : Shoppers Need
On Line Bazaar Info
पहले 'वंस अपॉन ए टाइम' और अब 'ऐक्शन रीप्ले', बॉलिवुड इन दिनों फैशन को बैक गियर में डालने की कोशिश कर रहा है। और उसकी यह कोशिश सफल भी
होती दिख रही है। ऐश्वर्या राय और अक्षय कुमार जिस तरह से सत्तर के दशक के फैशन में पर्दे पर मटक रहे हैं, यूथ इसे कूल मान रहे हैं। तो क्या 70 का फैशन फिर से ट्रेंड में लौटेगा!
बालों में पफ डालकर बनाया गया जूड़ा, टाइट चूड़ीदार पर शॉर्ट कुर्ती, शिफॉन का बालों से बंधा दुपट्टा और लंबा सा काजल डली आंखें... 70 के दशक में यह फैशन बांके छैलों के दिलों पर कहर ढाता था। दूसरी ओर, 36 इंच चौड़ी पैंट की मोहरी और बड़े कॉलर वाली शर्ट्स राजेश खन्ना, जीतेंद्र, अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र के जमाने की याद ताजा कर जाते हैं। बेशक इस तरह का फैशन आज भी उस दौर की तमाम खूबसूरत बॉलिवुड हीरो-हीरोइनों की भी याद दिलाता है, जिन्होंने इस फैशन को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया था। जल्दी ही रिलीज होने जा रही फिल्म 'एक्शन रीप्ले' में चार दशक पहले के इसी फैशन की बहार है। जाहिर है, इन दिनों यूथ और फैशन डिजाइनरों के बीच रेट्रो फैशन फिर से चर्चा में है।
दरअसल, फिल्मों में दिखाए गए फैशन को आम जनता बहुत जल्दी फॉलो करना शुरू कर देती है। ऐसे में इस संभावना से फैशन एक्सपर्ट्स इनकार नहीं रहे कि जल्दी ही सड़कों पर 'नीतू सिंह', 'हेमा मालिनी' , 'अमिताभ बच्चन' और 'ऋषि कपूर' की भरमार देखने को मिलेगी।
ऐश की बात
'ऐक्शन रीप्ले' में 70 के दशक का लुक अपनाने वाली ऐक्ट्रेस ऐश्वर्या राय कहती हैं, 'जब इस फिल्म के सीन शूट करने के लिए हम तैयार होते थे और अक्सर मेरे बालों में पफ बनाकर जूड़ा बनाया जाता था, तो मैं यही सोचती थी कि क्या पहले आम जिंदगी में लड़कियां घंटों बैठकर पफ बनाती थीं? मुझे लगता है कि इस तरह का लुक पहले सिर्फ फिल्मों में ही इस्तेमाल हुआ करता होगा, क्योंकि मैंने अपनी मां को कभी इस स्टाइल में नहीं देखा। वैसे, सच बताऊं, तो अब अगर वही फैशन वापस आता है तो मुझे बहुत अच्छा लगेगा, क्योंकि भले ही मेकअप थोड़ा लाउड होता है, लेकिन इस लुक में खूबसूरती को चार चांद लग जाते हैं।'
क्या कहते हैं फैशन एक्सपर्ट्स
फिल्म ' ऐक्शन रीप्ले ' के कॉस्ट्यूम डिजाइनर मनीष मल्होत्रा कहते हैं , ' रेट्रो लुक अपने आप में बहुत ही खूबसूरत और हैप था। यही वजह रही कि तमाम फिल्मों में इस तरह के लुक पर एक्सपेरिमेंट किया गया। हालांकि आम लोगों के लिए पूरी तरह से इस लुक को अपनाना थोड़ा मुश्किल है , लेकिन आने वाला फैशन कहीं न कहीं रेट्रो इरा से इंस्पायर जरूर होगा। '
इस लुक पर फैशन डिजाइनर अर्चना कोचर कहती हैं , '70 के दशक के हेयर ड्रेस और क्लोद्स से आजकल का फैशन काफी इंस्पायर हो रहा है। हालांकि ठीक वैसा ही फैशन वापस लौटना तो पॉसिबल नहीं है , लेकिन आजकल के हिसाब से फैशन को ध्यान में रखकर रेट्रो लुक इसमें मर्ज जरूर हो जाएगा। हाल ही में फिल्म ' वंस अपोन अ टाइम ' में कंगना राणावत को रेट्रो लुक मैंने ही दिया था और उसकी काफी प्रशंसा भी हुई। तब का फैशन थोड़ा हिप्पी और फन टाइप था। इसलिए इंडस्ट्री में डिजाइनर्स भी कुछ हद तक रेट्रो लुक को अपने क्रिएशन में शामिल कर रहे हैं। ' (नभाटा से साभार)
Post new comment