BazaarBook.com
Traders Deed : Shoppers Need
On Line Bazaar Info

K I T S
The Web Designers

Take a Look..

MediaDip.com
The Media Podium
Review Your Press & Media


The requested image not exist or is not longer published.

109 को पद्म अलंकरण, मिरांडा व हजारिका को मरणोपरांत सम्मान

नई दिल्ली, 25 जनवरी | देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म अलंकरणों की घोषणा बुधवार को कर दी गई। विभिन्न श्रेणियों में 109 लोगों को पद्म सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई, जिसमें दिवंगत भूपेन हजारिका और मारियो डि मिरांडा के नाम भी शामिल हैं। कला, संगीत, चिकित्सा, लोकसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पांच नागरिकों को पद्म विभूषण से नवाजे जाने की घोषणा की गई, जबकि कला, समाज सेवा, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में 27 नागरिकों को पद्म भूषण और 77 को पद्मश्री से सम्मानित करने की घोषणा की गई।

पद्म अलंकरण के लिए जिन नामों की घोषणा की गई है, उनमें आठ अनिवासी भारतीय और दो विदेशी भी शामिल हैं। साथ ही 19 महिलाओं और छह खिलाड़ियों को भी पद्म सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई है। इस बार भी भारत रत्न के लिए किसी को नहीं चुना गया। इससे पहले भारत रत्न वर्ष 2008 में पंडित भीमसेन जोशी को दिया गया था।

भूपेन हजारिका और मारियो डि मिरांडा को कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने की घोषणा की गई। साथ ही के. जी. सुब्रह्मण्यम को भी कला के क्षेत्र में ही इस सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई। डॉ. कांतिलाल हस्तीमाल संचेती को चिकित्सा और टी. वी. राजेश्वर को लोक सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पद्म विभूषण देने की घोषणा की गई।

पद्म भूषण के लिए जिन नामों की घोषणा की गई, उनमें कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए शबाना आजमी, खालिद चौधरी, जतिन दास, बुद्धदेव दास गुप्ता, धर्मेद्र, मीरा नायर, एम. एस. गोपालकृष्णन, अनीस कपूर के नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। संसद पर अभद्र टिप्पणी को लेकर कभी विवादों में रहे अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत रोनेन सेन को भी लोकसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण देने की घोषणा की गई।

वहीं, गायक फरीदुद्दीन डागर और थियेटर कलाकार जॉय माइकल सहित 22 लोगों को कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई। इस श्रेणी में सम्मान पाने वालों में वनराज भाटिया, एन. आई. देवी, आर. एस. एच. चित्तानी, मोहनलाल कुम्हार, शाहिद परवेज खान, मोहन लाल कुम्हार, एस. के. मंगानियर, मिनाती मिश्रा, नातेसन मुथुस्वामी, आर. नगराथम्मा, के. एस. नम्बूतिरी, वाई. वायकर, सतीश आलेकर, गोपाल प्रसाद दूबे, रमाकांत गुंदेचा, उमाकांत गुंदेचा, अनूप जलोटा, सोनम नायर, प्रियदर्शन, सुनील जनाह, लैला तैयबजी और विजय शर्मा शामिल हैं।

जिन आठ अनिवासी भारतीयों और दो विदेशियों को पद्म सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई, उनमें जाने माने मूर्तिकार अनीस कपूर (ब्रिटेन) और न्यायाधीश पी. सी. राव (जर्मनी) के नाम उल्लेखनीय हैं। सूची में विद्या दहेजिया, अरविंद पनागारिया और जोस पेरीरा (अमेरिका) और होमी के. भाभा (ब्रिटेन) के नाम भी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, सिंगापुर के पूर्व विदेश मंत्री जॉर्ज योंग-बुन येओ और सिंगापुर के ही गोपीनाथ पिल्लई को भी पद्म पुरस्कार देने की घोषणा की गई। इस सूची में जापान के व्यापार एवं उद्योग विभाग में कार्यरत शोजी शिबा और अमेरिका में विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के प्रोफेसर जगदीश शुक्ला भी शामिल हैं।

खेल जगत में किसी खिलाड़ी को पद्म विभूषण या पद्मभूषण नहीं मिला, लेकिन छह खिलाड़ियों को पद्मश्री से सम्मानित करने का फैसला लिया गया। इनमें स्कीइंग में अजीत बजाज, महिला क्रिकेट में झूलन गोस्वामी, हॉकी में जफर इकबाल, पैरालम्पिक (एथलेटिक्स) में देवेंद्र झाजरिजा, तीरंदाजी में लिम्बा राम और बैडमिंटन में सैयद मोहम्मद आरिफ के नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। इसके अतिरिक्त खेल कमेंटेटर रवि चतुर्वेदी तथा शारीरिक शिक्षा से जुड़े प्रभाकर वैद्य को भी पद्मश्री देने की घोषणा की गई।

विज्ञान के क्षेत्र में वी. आदिमूर्ति, कृष्णलाल चड्ढा और रामेश्वर नाथ कौल बामजई को पद्मश्री देने की घोषणा की गई।

समाज सेवा के क्षेत्र में तमिलनाडु से पी. के. गोपाल और छत्तीसगढ़ से फूलबासन बाई यादव को पद्मश्री देने की घोषणा की गई। (आईएएनएस)

This Article Posted on: January 25th, 2012 by admin in : Sections.

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.